दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जरूरी सूचना जारी की है। आयोग के मुताबिक, करीब 21 हजार उम्मीदवारों के 10वीं की मार्कशीट से जुड़े विवरण में गलतियां पाई गई हैं। ऐसे उम्मीदवारों को 20 नवंबर 2026 से पहले अपनी 10वीं की मार्कशीट ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।
हालांकि, आयोग ने इन उम्मीदवारों को फिलहाल प्रोविजनल आधार पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। लेकिन भविष्य में रिजल्ट जारी होने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए डॉक्यूमेंट में सुधार करना जरूरी है। एसएससी ने प्रभावित उम्मीदवारों को तय समय के अंदर यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
कहां और कैसे अपलोड करें 10वीं की मार्कशीट?
एसएससी ने मार्कशीट अपलोड करने का तरीका भी बताया है। इसके लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाना होगा।
इसके बाद अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद SSC CPO 2026 के सिटी इंटिमेशन और एडमिट कार्ड वाले पेज पर जाकर दिए गए विकल्प के जरिए 10वीं की मार्कशीट अपलोड करनी होगी।
आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से संबंधित उम्मीदवारों को ईमेल के जरिए भी सूचना भेजी जा रही है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना 20 नवंबर से पहले अपनी मार्कशीट अपलोड कर दें।
28 नवंबर तक चलेगी SSC CPO परीक्षा
एसएससी की ओर से इस भर्ती के तहत कुल 1,871 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। आयोग ने 13 नवंबर 2026 को परीक्षा की सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा 23 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करके अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से दो से तीन दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
रेलवे पैरामेडिकल भर्ती के आवेदन का स्टेटस भी जारी
दूसरी तरफ, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल भर्ती के अलग-अलग पदों के लिए आवेदन का स्टेटस भी जारी कर दिया है।
उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं। आवेदन का स्टेटस तीन श्रेणियों में दिखाया जाएगा। इनमें स्वीकार, शर्तों के साथ अस्थायी रूप से स्वीकार और रिजेक्ट शामिल हैं।
जिन उम्मीदवारों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उन्हें इसकी वजह भी बताई गई है। किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 9592001188 और 0172-565-3333 जारी किए हैं।



