बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमान ने दावा किया है कि शेख हसीना को वापस लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। अब इस मामले में आगे का फैसला भारत सरकार को लेना है।
बांग्लादेश के अखबार ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कानून मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। अब यह भारत पर निर्भर करता है कि वह आगे क्या कदम उठाता है। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जब कानून मंत्री से पूछा गया कि क्या भारत ने शेख हसीना को किसी तीसरे देश भेजने के बारे में बांग्लादेश से कोई बातचीत की है, तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब केवल भारत सरकार ही दे सकती है।
शेख हसीना को मौत की सजा के खिलाफ अपील का अधिकार नहीं?
‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, कानून मंत्री से यह भी पूछा गया कि क्या शेख हसीना को मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का मौका मिलेगा। इस पर उन्होंने कहा कि संबंधित कानून के तहत उन्हें ऐसा अवसर नहीं दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया था। यह मामला जुलाई-अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़ा है। उनकी गैरमौजूदगी में चले मुकदमे में उन्हें एक मामले में मौत की सजा और दूसरे मामले में उम्रकैद सुनाई गई थी।
2024 में भारत पहुंची थीं शेख हसीना
दरअसल, अगस्त 2024 में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर छात्र आंदोलन हुआ था। इसके बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा और वह 5 अगस्त 2024 को भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।
बांग्लादेश में नई सरकार बनने के बाद से ही शेख हसीना को वापस लाने की मांग लगातार उठ रही है। बांग्लादेश सरकार चाहती है कि भारत उन्हें प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत वापस भेजे, ताकि वहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।
भारत ने क्या कहा?
इस मामले पर भारत ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 12 नवंबर 2026 को कहा कि शेख हसीना का प्रत्यर्पण एक कानूनी मामला है और इस पर कानून के अनुसार ही फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है।
बांग्लादेश लौटने की इच्छा जता चुकी हैं शेख हसीना
शेख हसीना भी बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने 5 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि वह दिसंबर में अपने देश वापस जाना चाहती हैं।
हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर बांग्लादेश सरकार ने नाराजगी जताई थी। वहां के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत को अपनी चिंताओं से पहले ही अवगत कराया गया था, इसके बावजूद शेख हसीना को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत करने की अनुमति दी गई।
वहीं, भारत सरकार ने इस कार्यक्रम से खुद को अलग करते हुए स्पष्ट किया था कि इसका आयोजन एक निजी मीडिया संस्थान ने किया था और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।



