जम्मू-कश्मीर में वक्फ दिवस के एक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे. कुछ मुस्लिम धार्मिक नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई और इसे जबरदस्ती थोपा गया कदम बताया. विवाद तब और बढ़ गया, जब कार्यक्रम में शामिल जम्मू के कुछ इमामों ने वीडियो जारी कर ‘वंदे मातरम्’ के दौरान खड़े होने पर माफी मांगी. उन्होंने अल्लाह से माफी मांगते हुए ‘कलमा’ भी पढ़ा.
दरअसल, श्रीनगर के SKUAST-कश्मीर में वक्फ दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद लारवी के अलावा कई विश्वविद्यालयों के कुलपति और इस्लामी धर्मगुरु भी मौजूद थे.
कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इस पर बहस शुरू हो गई. इसके बाद समारोह में शामिल कुछ धार्मिक नेताओं ने सार्वजनिक रूप से अपनी सफाई दी और माफी मांगी.
MMU ने वक्फ बोर्ड पर उठाए सवाल
जम्मू-कश्मीर के प्रमुख इस्लामी संगठनों के समूह मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने इस मामले पर नाराजगी जताई है. इस संगठन के प्रमुख कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक हैं.
MMU ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) का हवाला देते हुए कहा कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है. संगठन ने वक्फ बोर्ड की आलोचना करते हुए कहा कि उसे मुस्लिम वक्फ संपत्तियों की धार्मिक पवित्रता का ध्यान रखना चाहिए था.
मीरवाइज उमर फारूक ने भी कार्यक्रम में इस गीत को शामिल करने पर आपत्ति जताई. उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया और कहा कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है. MMU का कहना है कि मातृभूमि को ईश्वर का दर्जा देना इस्लाम के एकेश्वरवाद यानी तौहीद के सिद्धांत के खिलाफ है.
मौलाना अब्दुल रशीद ने क्या कहा?
मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने ‘वंदे मातरम्’ के दौरान खड़े होने को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि अब ऐसा करना अनिवार्य है, क्योंकि यह कानून बन चुका है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय गीत गाना जरूरी नहीं था, क्योंकि उनके मुताबिक यह सरकारी कार्यक्रम नहीं था.
इस बीच, कार्यक्रम में शामिल जम्मू के कुछ इमामों और मौलवियों ने वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि जब ‘वंदे मातरम्’ बजाया गया, तब वे खड़े हो गए थे, लेकिन उन्हें पहले से इसकी जानकारी नहीं थी.
एक मौलाना ने अपने बयान में कहा कि गीत बजते ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ. कार्यक्रम से बाहर आने के बाद उन्होंने अल्लाह से माफी मांगी और अपने धार्मिक विश्वास को दोहराने के लिए ‘कलमा-ए-शहादत’ पढ़ा.
‘वंदे मातरम्’ पर खड़े होने को लेकर मांगी माफी
मौलवियों ने अपने माफीनामे में कहा कि उन्हें कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ बजाए जाने की जानकारी नहीं थी. वे केवल शिष्टाचार या असमंजस में खड़े हो गए थे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने इस गीत को गाया नहीं था.
उनका कहना है कि इस गीत में शामिल होना या इसका समर्थन करना उनके धार्मिक सिद्धांतों के खिलाफ है.
MMU लेगा कानूनी सलाह
इस विवाद के बीच MMU ने बुधवार को कहा कि वह पूरे मामले पर कानूनी सलाह ले रहा है. संगठन अधिकारियों को एक औपचारिक शिकायत या प्रतिवेदन भी सौंपेगा.
MMU का आरोप है कि जम्मू-कश्मीर के सरकारी कार्यक्रमों और शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ को जबरदस्ती लागू किया जा रहा है. फिलहाल इस मुद्दे पर अलग-अलग संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है.



