हिंदी साहित्य में हरिवंश राय बच्चन का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है. उनकी कविताओं में जिंदगी, प्यार, दर्द और संघर्ष की झलक देखने को मिलती है. उनकी लेखनी ने लाखों लोगों के दिलों को छुआ है. आज 27 नवंबर को उनकी जयंती है. इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें, जिन्होंने उन्हें एक महान कवि बनाने में अहम भूमिका निभाई.
पहली पत्नी की मौत ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था
हरिवंश राय बच्चन की शादी साल 1926 में श्यामा से हुई थी. दोनों की शादीशुदा जिंदगी चल रही थी, लेकिन साल 1936 में टीबी की बीमारी के कारण श्यामा का निधन हो गया. इस घटना ने बच्चन को अंदर तक तोड़ दिया था.
पत्नी को खोने के बाद वह लंबे समय तक दुख और अकेलेपन से जूझते रहे. इस दर्द का असर उनकी कविताओं में भी दिखाई देने लगा. उनकी रचनाओं में प्रेम, बिछड़ने का दर्द और जिंदगी की सच्चाई जैसे भाव गहराई से उभरने लगे.
हालांकि, उनकी मशहूर रचना ‘मधुशाला’ 1935 में ही प्रकाशित हो चुकी थी. बाद में साल 1941 में उन्होंने तेजी बच्चन से दूसरी शादी की. इसके बाद उनकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हुई. उनकी रचना ‘नीड़ का निर्माण फिर’ में भी मुश्किलों के बाद दोबारा खड़े होने और नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ने का संदेश मिलता है.
कैसे पड़ा ‘बच्चन’ नाम?
हरिवंश राय बच्चन का असली नाम हरिवंश राय श्रीवास्तव था. बचपन में घर के लोग उन्हें प्यार से ‘बच्चन’ बुलाते थे. इस शब्द का मतलब बच्चा या संतान होता है.
धीरे-धीरे यही नाम उनकी पहचान बन गया. वह जाति के आधार पर मिलने वाले उपनाम के पक्ष में नहीं थे. इसलिए उन्होंने अपने साहित्यिक नाम के रूप में ‘बच्चन’ को अपनाया. बाद में यही नाम उनके परिवार की पहचान भी बन गया.
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से की थी पढ़ाई
हरिवंश राय बच्चन ने अपनी पढ़ाई के दौरान विदेश का भी रुख किया था. वह उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड गए और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से जुड़े.
यहां उन्होंने अंग्रेजी कवि डब्ल्यू. बी. यीट्स की कविताओं पर शोध किया. इस पढ़ाई और शोध ने उनके साहित्यिक ज्ञान को और बढ़ाया. उनकी रचनाओं में भारतीय जीवन और भावनाओं के साथ-साथ पश्चिमी साहित्य का प्रभाव भी देखने को मिलता है.
हरिवंश राय बच्चन ने अपनी कविताओं के जरिए हिंदी साहित्य को एक नई पहचान दी. उनकी ‘मधुशाला’ आज भी हिंदी कविता की सबसे चर्चित रचनाओं में गिनी जाती है.



