वेज खाना बेहतर है या नॉनवेज, इसे लेकर अक्सर बहस होती रहती है। कुछ लोगों का मानना है कि शाकाहारी खाना ज्यादा स्वस्थ होता है, जबकि कुछ लोग मांस, मछली और अंडे से मिलने वाले प्रोटीन और पोषक तत्वों को जरूरी मानते हैं।
लेकिन लंबी और स्वस्थ जिंदगी के लिए आखिर कौन सी डाइट बेहतर है? रिसर्च से पता चलता है कि सिर्फ वेज या नॉनवेज होना ही सबसे जरूरी नहीं है, बल्कि डाइट का संतुलित होना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
शाकाहारी खाने के फायदे
कई अध्ययनों में पाया गया है कि संतुलित शाकाहारी डाइट लेने वाले लोगों में दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और टाइप-2 डायबिटीज जैसी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।
सब्जियों, फलों, दालों और साबुत अनाज में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। इनमें मौजूद विटामिन और मिनरल शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। ऐसी डाइट में सैचुरेटेड फैट भी आमतौर पर कम होता है।
क्या नॉनवेज भी जरूरी हो सकता है?
हाल की एक स्टडी ने इस बहस को थोड़ा अलग नजरिए से देखा है। चीन में बुजुर्गों पर हुई रिसर्च में पूरी तरह वीगन डाइट लेने वालों और नॉनवेज खाने वालों की लंबी उम्र को लेकर कुछ अलग परिणाम सामने आए।
इससे यह सवाल उठा कि बढ़ती उम्र में शरीर को मिलने वाले सभी जरूरी पोषक तत्व केवल प्लांट बेस्ड डाइट से पर्याप्त मात्रा में मिल पाते हैं या नहीं।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि नॉनवेज खाना अपने आप ज्यादा स्वस्थ है।
संतुलित डाइट हो सकती है बेहतर विकल्प
रिसर्च में यह भी संकेत मिला कि जो लोग मछली या डेयरी प्रोडक्ट्स लेते हैं, उनकी लंबी उम्र और नॉनवेज खाने वालों के बीच बहुत बड़ा अंतर नहीं था।
इसलिए विशेषज्ञों के अनुसार, लंबी और स्वस्थ जिंदगी के लिए सिर्फ वेज या नॉनवेज चुनने के बजाय संतुलित और पोषक डाइट पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है। डाइट में पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर, फल, सब्जियां, साबुत अनाज और जरूरी विटामिन-मिनरल शामिल होने चाहिए।
नोट: किसी खास डाइट को अपनाने से पहले अपनी उम्र, स्वास्थ्य और पोषण की जरूरत के अनुसार डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेना बेहतर है।
य़ह भी पढ़े- 12 अगस्त को लगेगा साल का दूसरा सूर्य ग्रहण, भारत में नहीं आएगा नजर



