सोशल मीडिया पर अक्सर इमारतों के अचानक गिरने के वीडियो सामने आते रहते हैं। ऐसे हादसों में लोगों की जान के साथ-साथ भारी आर्थिक नुकसान भी होता है। आमतौर पर माना जाता है कि सिर्फ बहुत पुराने मकान ही गिरते हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है।कमजोर नींव, खराब निर्माण सामग्री, पानी का रिसाव, जमीन का धंसना या इमारत के ढांचे में बदलाव जैसी वजहों से नई इमारत भी कमजोर हो सकती है। ऐसे में जरूरी है कि मकान की हालत में आने वाले बदलावों को समय रहते पहचाना जाए।
दरवाजे और खिड़कियां अचानक फंसने लगें
अगर घर के दरवाजे या खिड़कियां अचानक खुलने-बंद होने में परेशानी करने लगें या बार-बार चौखट में फंसने लगें, तो इसे नजरअंदाज न करें। कभी-कभी मौसम में नमी के कारण भी ऐसा हो सकता है। लेकिन अगर इसके साथ दीवारों या फर्श में नई दरारें दिखाई देने लगें, तो किसी सिविल या स्ट्रक्चरल इंजीनियर से जांच करवाना जरूरी है।
फर्श का झुकना या टाइलों का उठना
अगर घर का फर्श एक तरफ झुका हुआ महसूस हो या टाइलें अचानक टूटकर ऊपर उठने लगें, तो यह चिंता का संकेत हो सकता है। ऐसा जमीन या नींव पर असमान दबाव पड़ने के कारण हो सकता है। अगर इसके साथ दीवारों पर तिरछी दरारें भी दिखाई दें, तो नींव की जांच जल्द करवानी चाहिए।
बीम और पिलर में गहरी दरारें
इमारत की मजबूती में बीम और पिलर की अहम भूमिका होती है। अगर इनमें गहरी दरारें दिखाई दें या कंक्रीट टूटकर गिरने लगे, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। अगर पिलर या बीम के अंदर की सरिया दिखाई देने लगे और उस पर जंग लगी हो, तो यह भी खतरे का संकेत है। ऐसी स्थिति में सिर्फ सीमेंट या पुट्टी लगाकर दरार को छिपाने की कोशिश न करें। किसी योग्य स्ट्रक्चरल इंजीनियर से जांच करवाएं।
नींव के पास जमीन धंसने लगे
अगर मकान के आसपास की जमीन अचानक धंसने लगे या नींव के पास दरारें दिखाई देने लगें, तो इसकी वजह पानी का रिसाव या जमीन के अंदर मिट्टी का खिसकना हो सकता है। पानी के कारण नींव कमजोर हो सकती है। इसलिए ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द विशेषज्ञ से जांच करवाना जरूरी है।
घर से आने वाली असामान्य आवाजों पर दें ध्यान
अगर मकान की छत या कंक्रीट से लगातार चटकने या मरोड़ जैसी आवाजें आने लगें और उसी समय दरारें भी बढ़ रही हों, तो इसे गंभीर चेतावनी मानें। ऐसी स्थिति में घर की संरचना की जांच कराना जरूरी है। अगर खतरा ज्यादा लगे तो घर के अंदर रहने से बचें।
सीलन और पानी का रिसाव भी हो सकता है खतरनाक
दीवारों और छत में लंबे समय से बनी सीलन सिर्फ घर की खूबसूरती खराब नहीं करती, बल्कि ढांचे को भी नुकसान पहुंचा सकती है। लगातार पानी कंक्रीट के अंदर पहुंचने पर सरिया में जंग लग सकती है। जंग के कारण सरिया फैलती है और कंक्रीट में दरारें पैदा हो सकती हैं। इसलिए छत से पानी टपकने, प्लास्टर झड़ने या दीवारों में लगातार सीलन रहने पर समय रहते इसकी मरम्मत कराएं।
इन संकेतों पर तुरंत खाली करें घर
अगर पिलर की दरार तेजी से बढ़ रही हो, छत का कोई हिस्सा नीचे झुक गया हो, दीवार में चौड़ी या आर-पार दिखाई देने वाली दरार हो या पूरी इमारत एक तरफ झुकी हुई महसूस हो, तो घर को तुरंत खाली करना बेहतर है। सबसे पहले सभी लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाएं और स्थानीय प्रशासन या योग्य स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संपर्क करें। किसी भी बड़ी दरार को केवल पेंट, पुट्टी या सीमेंट से ढक देना समाधान नहीं है। दरार की वजह और इमारत की संरचनात्मक मजबूती की सही जांच कराना ही सुरक्षित कदम है।
यह भी पढ़े- तिरुवनंतपुरम की BJP पार्षद आर. श्रीलेखा के इस्तीफे पर विवाद, WhatsApp मैसेज से मचा हंगामा



