पोलैंड के क्राको शहर में गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां के मेन मार्केट स्क्वायर में एक हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जवाबी कार्रवाई की और हमलावर को गोली मारकर पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया।
CBS की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति अपनी कार लेकर ओपन मार्केट में घुस गया। इसके बाद उसने वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है, जिसे मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। उसका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्राको पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। यह देश की राजधानी वारसॉ से करीब 155 किलोमीटर दूर स्थित है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री उन्हें लगातार घटना की जानकारी दे रहे हैं। पुलिस हमले के पीछे की वजह और इससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
अमेरिका ने भी जताई चिंता
क्राको में हुई इस गोलीबारी पर अमेरिका ने भी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी राजदूत टॉम रोज ने X पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद और जानलेवा हमला बताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में अमेरिका पोलैंड के साथ खड़ा है। अमेरिका ने इस घटना में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई।



