कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का इटली स्थित बचपन का घर जल्द ही म्यूजियम बन सकता है. इस घर को म्यूजियम में बदलने की योजना इटली में रहने वाले भारतीय मूल के सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कांग बना रहे हैं. उन्होंने करीब 6 साल पहले यह घर खरीदा था. अब उनकी योजना सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलने की है, ताकि म्यूजियम में रखने के लिए गांधी और माइनो परिवार से जुड़ी पुरानी यादें और चीजें मिल सकें.
समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में सुखदेव सिंह कांग ने बताया कि इस घर को अब ‘इंडियन हाउस’ के नाम से जाना जाता है. घर पर भारतीय तिरंगा भी लगा हुआ है. इसके बाहर लगी नेमप्लेट पर इसे ‘सोनिया गांधी की जन्मस्थली’ बताया गया है. सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी घर में हुआ था. उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती साल भी यहीं बिताए थे.
होशियारपुर से इटली तक का सफर
सुखदेव सिंह कांग मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हैं. वे साल 1992 में इटली गए थे और फिर वहीं बस गए. उन्होंने बताया कि इटली में शुरुआती दिन काफी मुश्किलों भरे थे. उन्होंने अपना गुजारा करने के लिए डेयरी फार्म, खेती और एक फैक्ट्री में भी काम किया.
कांग ने बताया कि उन्हें अपने कुछ परिचितों से पता चला था कि सोनिया गांधी के बचपन का यह घर किसी भारतीय या सिख परिवार को देने की इच्छा जताई जा रही है. इसके बाद साल 2020 में उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर यह घर खरीद लिया.
घर की देखभाल के लिए उन्होंने एक कर्मचारी भी रखा है, जो वहां आने वाले पर्यटकों को घर दिखाता है. इस संपत्ति के रखरखाव और प्रॉपर्टी टैक्स पर कांग हर साल करीब 1,000 यूरो खर्च करते हैं.
गुरुद्वारा और किराए पर देने के प्रस्ताव ठुकराए
सुखदेव सिंह कांग और उनका परिवार गांधी परिवार का सम्मान करता है. वे हर साल एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करके सोनिया गांधी का जन्मदिन भी मनाते हैं.
कांग ने बताया कि घर खरीदने के बाद से उन्होंने इसकी पुरानी बनावट और पहचान को सुरक्षित रखा है. उनका मकसद इसे म्यूजियम में बदलना है. उन्हें उम्मीद है कि म्यूजियम बनने के बाद इटली घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटक भी यहां आएंगे. इससे स्थानीय गांव में पर्यटन बढ़ेगा और वहां के लोगों को आर्थिक फायदा मिल सकता है.
कांग की पत्नी और बेटी भी इस योजना का समर्थन करती हैं. उन्होंने बताया कि परिवार ने इस घर को किराए पर देने और यहां गुरुद्वारा बनाने के प्रस्तावों को ठुकरा दिया था. वे चाहते हैं कि सोनिया गांधी और माइनो परिवार से जुड़ी इस जगह के ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखा जाए.



