संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह शहर में मंगलवार (24 नवंबर 2026) को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. यहां एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.
दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस हादसे पर दुख जताया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मरने वालों में कितने भारतीय हैं. भारतीय दूतावास ने बताया कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और उनकी हर संभव मदद करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया. दूतावास ने कहा कि रास अल खैमाह में हुए इस दर्दनाक हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की जान चली गई है.
भारतीय मिशन ने बताया कि हादसे से जुड़ी और जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही, जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए 24 घंटे चलने वाला हेल्पलाइन नंबर 800-46342 भी जारी किया गया है.
बस में सवार थे 41 लोग
UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर हुआ. यहां एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. शुरुआती जानकारी में 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया. इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई.
स्थानीय अखबार ‘खलीज टाइम्स’ के अनुसार, हादसे के समय बस में कुल 41 लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था. टक्कर के बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
फिलहाल, अधिकारियों ने मृतकों की राष्ट्रीयता के आधार पर पूरी जानकारी जारी नहीं की है. इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में कितने भारतीय नागरिकों की मौत हुई है.



