पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और हत्याओं को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया जाएगा और वहां हिंदुओं की हत्या का बदला लिया जाएगा. उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, 24 नवंबर को अर्जुन सिंह भाटपाड़ा में पूर्णिमा के मौके पर आयोजित गंगा आरती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान उनसे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर सवाल पूछा गया. इसके जवाब में उन्होंने यह बयान दिया.
16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जे की बात कही
अर्जुन सिंह ने कहा, “16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे. बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदुओं की हत्या की गई है, उसका बदला जरूर लिया जाएगा. इसमें कोई संदेह नहीं है.”
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
16 दिसंबर का बांग्लादेश से क्या है कनेक्शन?
16 दिसंबर की तारीख बांग्लादेश के इतिहास में बेहद खास है. साल 1971 में इसी दिन पाकिस्तान की सेना ने भारत के सामने आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद पूर्वी पाकिस्तान अलग होकर बांग्लादेश बना था. इसी वजह से हर साल 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस यानी मुक्ति दिवस मनाया जाता है.
शेख हसीना की वापसी से भी जुड़ी है 16 दिसंबर की तारीख
इसी बीच बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की इच्छा जताई है. वह पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं.
24 नवंबर को उनके प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने बताया कि शेख हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार दिल्ली से ढाका लौटने के लिए उनके हवाई सफर का इंतजाम करे.
प्रवक्ता के मुताबिक, 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश से विमान के जरिए भारत लाया गया था. अब उनकी मांग है कि सरकार 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर उनकी वापसी सुनिश्चित करे. उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना को देश से बाहर भेजे जाने के बाद उनकी सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी सरकार की है.



