दिल्ली हाईकोर्ट ने बुजुर्ग माता-पिता के अधिकारों को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने साफ कहा है कि किसी भी बुजुर्ग को उसकी मर्जी के खिलाफ अपने ही घर में बेटे और बहू के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. अगर कोई बुजुर्ग अपने घर में शांति और सम्मान के साथ रहना चाहता है, तो उसकी इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए.
इसी टिप्पणी के साथ दिल्ली हाईकोर्ट ने 85 साल के एक बुजुर्ग के बेटे और बहू को चार हफ्ते के अंदर मकान खाली करने का आदेश दिया है.
बुजुर्ग पिता को अपने घर में रहने का पूरा अधिकार
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस अमित महाजन ने कहा कि 85 साल के बुजुर्ग को अपने घर में सम्मान और शांति से रहने का पूरा अधिकार है. अगर बच्चों के साथ रिश्ते इतने खराब हो जाएं कि मामला पुलिस और अदालत तक पहुंच जाए, तो बुजुर्ग को उसी घर में उनके साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता.
कोर्ट ने कहा कि बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान और उनकी इच्छा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
बेटों के कारोबारी विवाद का बहाना नहीं चलेगा
सुनवाई के दौरान बेटे और बहू की ओर से दलील दी गई कि बुजुर्ग पिता अपने बेटों के बीच चल रहे कारोबारी विवाद की वजह से उन्हें घर से निकालना चाहते हैं.
हालांकि, हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. कोर्ट ने कहा कि बेटों के बीच कारोबार को लेकर विवाद होने का मतलब यह नहीं है कि पिता की शिकायत गलत है. उन्हें कानून के तहत मिलने वाली सुरक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता.
पत्नी की मौत के बाद बढ़ गई थीं बुजुर्ग की मुश्किलें
बुजुर्ग ने कोर्ट को बताया कि साल 2008 में छोटे बेटे की शादी के बाद उन्होंने अपने बड़े बेटे और बहू से अलग रहने के लिए दूसरा इंतजाम करने को कहा था. लेकिन दोनों ने घर खाली करने से इनकार कर दिया.
इसके बाद बेटे और बहू के व्यवहार में बदलाव आने लगा. आरोप है कि उन्होंने बुजुर्ग के साथ ठीक से व्यवहार करना बंद कर दिया और आर्थिक मदद देना भी बंद कर दिया. बुजुर्ग ने बताया कि साल 2020 में पत्नी की मौत के बाद उनकी परेशानियां और बढ़ गईं.
डीएम से नहीं मिली मदद तो पहुंचे हाईकोर्ट
बुजुर्ग ने मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पेरेंट्स एंड सीनियर सिटिजंस एक्ट, 2007 के तहत जिला मजिस्ट्रेट (DM) के पास शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपने बड़े बेटे और बहू को मकान से बाहर निकालने और गुजारा भत्ता दिलाने की मांग की थी.
हालांकि, डीएम ने यह कहते हुए शिकायत बंद कर दी कि बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप साबित नहीं हुए हैं. डीएम का मानना था कि पिता अपने बेटों के कारोबारी विवाद की वजह से इस कानून का सहारा ले रहे हैं.
इसके बाद बुजुर्ग ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
हर बार दुर्व्यवहार का सबूत देना जरूरी नहीं
हाईकोर्ट ने डीएम के फैसले पर सवाल उठाए. कोर्ट ने कहा कि घर के अंदर होने वाले दुर्व्यवहार को साबित करना हमेशा आसान नहीं होता, क्योंकि ऐसी घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं और वहां कोई बाहरी गवाह मौजूद नहीं होता.
कोर्ट के मुताबिक, बुजुर्गों के लिए हर घटना का पक्का सबूत जुटाना जरूरी नहीं है. अगर उन्हें अपने ही घर में शांति और सम्मान के साथ रहने के लिए अपनी संपत्ति की सुरक्षा की जरूरत है, तो कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
चार हफ्ते में घर खाली करने का आदेश
दिल्ली हाईकोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट के पुराने आदेश को रद्द कर दिया है. साथ ही बुजुर्ग के बेटे और बहू को चार हफ्ते के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया है.
कोर्ट ने संबंधित पुलिस थाने के एसएचओ को भी आदेश दिया है कि जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग की मदद की जाए, ताकि अदालत के फैसले का पालन कराया जा सके.



