सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हूती विद्रोहियों ने एक बड़े हमले को अंजाम दिया है. इस हमले में एक फाइनेंशियल सेंटर के टावर को निशाना बनाया गया, जिसमें 11 लोग घायल हो गए. घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने इसकी जानकारी दी है.
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई शुरू कर दी.
रियाद के फाइनेंशियल सेंटर के टावर पर हमला
सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बताया कि रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित एक टावर को हूती विद्रोहियों ने निशाना बनाया.
विभाग ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है. हमले में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें अलग-अलग देशों के नागरिक शामिल हैं. फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है.
हमले के बाद अधिकारियों ने उठाए जरूरी कदम
सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की. लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा के लिए आपातकालीन इंतजाम किए गए. साथ ही, ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए तय सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं को लागू किया गया.
सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ा तनाव
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ रहा है. इससे पहले यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन पर हवाई हमले करने के आरोप लगे थे.
सोमवार को हूती नियंत्रण वाले यमन के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने टेलीग्राम पर एक बयान जारी किया था. इसमें आरोप लगाया गया कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के विमानों ने अल-हुदैदाह में दूरसंचार भवनों, कर्मचारियों के आवास और एक मस्जिद को निशाना बनाया.
मंत्रालय के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इन हमलों में 17 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा दूरसंचार से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है.



