विदेश मंत्रालय ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास के पासपोर्ट विवाद पर अपनी सफाई दी है. सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें विदेश जाने से रोका जा रहा है. अब विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान को लेकर कुछ गड़बड़ी मिली थी. इसी वजह से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
बुधवार (25 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पासपोर्ट बनवाते समय आवेदक को सभी सही जानकारियां देनी होती हैं. अगर किसी जानकारी में गड़बड़ी मिलती है या तथ्यों को छिपाने का शक होता है, तो संबंधित व्यक्ति को शो-कॉज नोटिस जारी किया जाता है. इसके जरिए उसे अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है.
सौरव दास कब तक इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे पासपोर्ट?
रणधीर जायसवाल ने बताया कि संबंधित जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर 2026 को सौरव दास को नोटिस जारी किया था.
इस नोटिस में उनसे सात दिनों के अंदर अपने जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है. साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया है कि जब तक वह अपना जवाब नहीं देते, तब तक अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें.
सौरव दास ने क्या लगाया था आरोप?
दरअसल, सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया. उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था. इस कार्यक्रम में उन्हें ‘कॉकरोच आंदोलन’ के बारे में अपनी बात रखनी थी.
सौरव का दावा था कि दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट में कुछ गड़बड़ियां बताईं और उसे रोक दिया. इसके बाद वह ब्रिटेन की यात्रा नहीं कर सके.
अब विदेश मंत्रालय ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में विसंगति मिलने के कारण यह कार्रवाई की गई है.



