भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNRWA को करीब 23 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है. यह मदद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत की ओर से दिए जाने वाले 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर के सालाना योगदान का हिस्सा है. इस पैसे का इस्तेमाल फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरी मानवीय सहायता उपलब्ध कराने में किया जाएगा.
फिलिस्तीन में भारत के प्रतिनिधि कार्यालय के मुताबिक, भारत UNRWA के कामों में लगातार सहयोग कर रहा है. फिलिस्तीन में भारत की प्रतिनिधि महिमा सिकंद ने UNRWA के वरिष्ठ वित्त सहायक खालिद हिंदेय्या को यह सहायता राशि सौंपी.
इस मौके पर महिमा सिकंद ने कहा कि भारत फिलिस्तीनी शरणार्थियों को मानवीय मदद और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए लगातार सहयोग करता रहेगा.
कहां खर्च होंगे भारत के दिए 23 करोड़ रुपये?
भारत की ओर से दी गई इस आर्थिक सहायता का इस्तेमाल कई जरूरी कामों में किया जाएगा. इसमें शामिल हैं:
- फिलिस्तीनी शरणार्थी बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल और शैक्षिक कार्यक्रम चलाना.
- शरणार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना.
- गरीब परिवारों को आर्थिक और सामाजिक मदद देना.
- युद्ध और दूसरी आपात स्थितियों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाना.
खासकर गाजा में जारी मानवीय संकट के बीच इस मदद को काफी अहम माना जा रहा है.
क्या है UNRWA और क्या करती है यह एजेंसी?
UNRWA का पूरा नाम ‘यूनाइटेड नेशंस रिलीफ एंड वर्क्स एजेंसी फॉर पैलेस्टाइन रिफ्यूजीज इन द नियर ईस्ट’ है. यह संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी है, जिसकी स्थापना 1949 में फिलिस्तीनी शरणार्थियों की मदद के लिए की गई थी.
यह एजेंसी पांच क्षेत्रों में काम करती है. इनमें जॉर्डन, लेबनान, सीरिया, गाजा पट्टी और कब्जे वाला वेस्ट बैंक शामिल हैं.
UNRWA का मुख्य काम फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, राहत सामग्री और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. गाजा में चल रहे मानवीय संकट के दौरान भी यह एजेंसी जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का काम कर रही है.
भारत लंबे समय से जरूरतमंद देशों को आर्थिक और मानवीय सहायता देता रहा है. फिलिस्तीन के अलावा भारत ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी आर्थिक सहायता देने को मंजूरी दी है.



