अमेरिका एक बार फिर चीन, यूरोपीय संघ (EU) और भारत समेत कई देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन कई ट्रेडिंग पार्टनर्स से आने वाले सामान पर ज्यादा शुल्क लगाने की योजना बना रहा है. इस प्रस्ताव में भारत पर भी 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की बात कही गई है.
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत, कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है.
वहीं, बांग्लादेश, यूरोपीय संघ, जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर पर 20 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की योजना है. वियतनाम के लिए 35 प्रतिशत और चीन के लिए 40 प्रतिशत तक टैरिफ का प्रस्ताव रखा गया है.
बांग्लादेश और कंबोडिया पर भी बढ़ सकता है शुल्क
USTR के मुताबिक, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और बांग्लादेश के लिए टैरिफ की अधिकतम दर 18 प्रतिशत तक सीमित रहेगी.
दक्षिण कोरिया, ताइवान, यूरोपीय संघ, जापान और स्विट्जरलैंड के लिए यह दर 15 प्रतिशत होगी. हालांकि, इसमें मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) के तहत लगने वाला शुल्क शामिल नहीं है.
चीन के मामले में पहले से लागू शुल्क के अलावा 20 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है. वहीं, ब्राजील पर प्रस्तावित टैरिफ में बदलाव को लेकर 14 जनवरी 2027 को सुनवाई होगी.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या है अपडेट?
भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ महीनों में टैरिफ को लेकर तनाव देखने को मिला था. उस दौरान ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत कई देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया था. इसका असर दोनों देशों के बीच चल रही ट्रेड डील की बातचीत पर भी पड़ा था.
हालांकि, बाद में अमेरिका ने टैरिफ वापस ले लिया था. इसके बाद भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत फिर आगे बढ़ने के संकेत मिले. विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी कह चुके हैं कि अमेरिका के साथ जल्द ट्रेड डील हो सकती है.



