कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से करीब 5 करोड़ श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। यात्रा खत्म होने के बाद गंगा घाटों, पार्किंग और बाजारों में बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया।
नगर निगम के विशेष सफाई अभियान में अब तक 7500 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है। सफाई अभियान 18 अगस्त तक जारी रहेगा।
चेंजिंग रूम में मिली गंदगी
हरकी पैड़ी के आसपास कुछ घाटों के चेंजिंग रूम में पेशाब से भरी बोतलें भी मिलीं। सफाई कर्मचारियों ने जब इन्हें देखा तो हैरान रह गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
दो दिनों में 1500 मीट्रिक टन कूड़ा उठा
नगर आयुक्त नंदन कुमार के मुताबिक, 30 जुलाई से 9 अगस्त तक 6000 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया था। इसके बाद 10 और 11 अगस्त को दो दिनों में 1500 मीट्रिक टन कूड़ा और एकत्र किया गया। हरिद्वार के साथ ऋषिकेश में भी कांवड़ यात्रा के दौरान रोजाना करीब 100 टन कूड़ा एकत्र किया गया।
एक-दो दिन में शहर को साफ करने का लक्ष्य
नगर निगम ने हरकी पैड़ी, गंगा घाट, रोड़ी बेलवाला पार्किंग और बाजार क्षेत्रों की सफाई को प्राथमिकता दी है। अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को लगातार अभियान में लगाया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में शहर को काफी हद तक साफ कर दिया जाएगा। सफाई अभियान में सामाजिक और स्वयंसेवी संगठन भी सहयोग कर रहे हैं।
प्लास्टिक कचरा भी बड़ी समस्या
सफाई के दौरान गंगा घाटों पर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा भी मिला। नगर निगम की टीम ने मेले के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और अन्य सामान जब्त किए थे और जुर्माना भी लगाया था।
महापौर किरण जैसल ने भी कई इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
कहा कि नगर निगम की टीम ने कांवड़ मेले के दौरान अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभाया है। जिन क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र हुआ वहां विशेष टीमें लगाकर सफाई कराई जा रही है। नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, संजय शर्मा, आदित्य तेश्वर आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े- कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर सरकार का बड़ा अपडेट, यात्रियों की सुरक्षा पर जोर



