कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने सोशल मीडिया पर विधानसभा भवन को बम से उड़ाने का AI वीडियो पोस्ट करने के आरोप में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हजरत अली शोएब के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ महीनों से बेंगलुरु में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर पाइप फिटिंग का काम कर रहा था।
AI वीडियो में दिखाया गया धमाका
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर एक AI से तैयार वीडियो पोस्ट किया था। इसमें कर्नाटक विधानसभा भवन, जिसे विधान सौधा कहा जाता है, पर गोली चलने जैसा दृश्य दिखाया गया। इसके बाद इमारत में जोरदार धमाका होते हुए दिखाया गया।
वीडियो के साथ ‘Vidhanasabha Uda Diya Bam se’ कैप्शन भी लिखा गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में विधान सौध थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b) और 353(2) के तहत कार्रवाई की है।
ये धाराएं झूठी जानकारी और अफवाह फैलाने से जुड़े अपराधों से संबंधित हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



