पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी सिया गोयल का जल्द ही पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पुलिस हिरासत के दौरान सिया ने इस टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है। अब पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही यह परीक्षण करेगी।
सिया के वकील विपुल दुसिंग ने भी बताया कि उनकी मुवक्किल ने कस्टडी के दौरान पुलिस को पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति दे दी है।

सिया का होगा पॉलीग्राफ टेस्ट?
पॉलीग्राफ टेस्ट को ‘लाइ डिटेक्टर टेस्ट’ भी कहा जाता है। इस जांच के दौरान किसी व्यक्ति से घटना से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। जवाब देते समय उसके ब्लड प्रेशर, नाड़ी की गति, सांस लेने की रफ्तार और पसीना आने जैसी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को रिकॉर्ड किया जाता है।
इस वैज्ञानिक जांच का उद्देश्य यह समझना होता है कि व्यक्ति के जवाबों के दौरान उसके शरीर की प्रतिक्रिया कैसी है। इसी आधार पर जांच एजेंसियां मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करती हैं।
सिया गोयल और चेतन पर केतन की हत्या का आरोप
सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून 2026 को पुणे के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से केतन अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिसमें उसकी जान चली गई. आरोप है कि दोनों ने पूरी प्लानिंग के तहत इस वारदात को अंजाम दिया. केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी. पुलिस का कहना है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने इसलिए केतन की जान ले ली क्योंकि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी.
सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान कपड़े बरामद
महाराष्ट्र पुलिस ने गुरुवार (02 जुलाई) को सिया गोयल को लोहागढ़ किले के उस जगह पर ले गई जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर यह साजिश रची थी और किले से धक्का देकर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद कर लिए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को वारदात के दिन कथित तौर पर पहना था.
इससे पहले पुलिस बुधवार (01 जुलाई) को सह-आरोपी चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए रिक्रिएशन किया गया.
