Loading...
Sun. Jul 5th, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के दौरान लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ का मशहूर डायलॉग बोलकर लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा, “सुनते हो न विनोद, ये जो तरक्की दिख रही है…” यह सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य चिप डिजाइन, फैब्रिकेशन और पैकेजिंग सहित पूरे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को देश में मजबूत बनाना है, ताकि तकनीक के क्षेत्र में भारत और आत्मनिर्भर बन सके।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर उद्योग में युवा कार्यबल, विशेषकर दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों से आने वाली महिला कर्मचारियों की भूमिका को रेखांकित किया

पीएम मोदी ने कहा कि इस संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग देश के दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं का है, जिनमें कई आदिवासी समुदायों से हैं। इन सभी ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण में काम करने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि वे भारत के दूरस्थ क्षेत्रों से आती हैं और उनमें से कई आदिवासी पृष्ठभूमि से हैं लेकिन उनके अद्भुत जज्बे ने उन्हें सेमीकंडक्टर तकनीक सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण लिया और आज वे भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा को नई ताकत दे रही हैं।

सानंद स्थित संयंत्र में कर्मचारियों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक युवा महिला कर्मचारी से पूछा कि वहां बिताए गए एक साल में उन्हें सबसे अधिक खुशी किस बात से मिली। महिला कर्मचारी ने बताया कि उनके गांव में परिवार आमतौर पर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए घर से बाहर नहीं भेजते, लेकिन सेमीकंडक्टर संयंत्र में नौकरी मिलने के बाद लोगों की सोच बदल गई है।

आत्मनिर्भर बनने की खुशी

महिला ने पीएम मोदी से कहा कि मेरे गांव में कोई भी परिवार अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं भेजता, लेकिन अब जब मैं गांव लौटती हूं तो सभी हैरान रह जाते हैं। वे पूछते हैं कि मैं कहां रहती हूं और क्या पढ़ाई करती हूं। मैं उन्हें बताती हूं कि मैं सीजी सेमी में काम करती हूं और यह मेरे लिए बहुत बड़ा अवसर है। लोग इस बात से बेहद खुश हैं कि मैं आत्मनिर्भर बन गई हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *