होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर ईरान की ओर से हमला किए जाने की खबर सामने आई है। जहाज में कुल 11 भारतीय सवार थे। हमले के बाद 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।
लापता भारतीय की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। वहीं, इस घटना के बाद होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.
वहीं भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा की। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित उत्तर-पूर्वी ओमान के इलाकों में ड्रोन से हमले किए गए। इससे पहले ईरान ने ओमान पर हमलों का दावा किया था, जिसे ओमान के सल्तनत ने स्वीकार नहीं किया।
विदेश मंत्रालय ने जहाज पर हुए हमले कि की निंदा
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर है।”
बयान में यह भी कहा गया कि “मंत्रालय खोज और बचाव अभियान के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है। हम ओमान के अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।”
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, “इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बहुत चिंताजनक हैं। हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके। क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल होना चाहिए।”
