उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार उर्फ रसिक दुलारी सरन ने कथित तौर पर चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना शुक्रवार की बताई जा रही है. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मृतक के परिवार को भी घटना की सूचना दे दी गई है.
डेढ़ साल से सोसाइटी में रह रहे थे
पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे बनी एक सोसाइटी के फ्लैट में करीब डेढ़ साल से रह रहे थे. वह मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे.
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपक ने चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी. हालांकि, पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि दीपक ने फरवरी 2025 में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी.
आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं
दीपक के इस कदम के बाद आश्रम और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद लोग उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस आश्रम और सोसाइटी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.
पुलिस मामले में आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
अभी तक आश्रम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, सोसाइटी में रहने वाले लोग भी घटना पर कुछ बोलने से बच रहे हैं.



