दिवाली के बाद अब देशभर में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस बीच दिल्ली सरकार ने छठ पूजा को लेकर बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली में 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दिन राजधानी के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे.
दिल्ली के उपराज्यपाल ने छठ पूजा के अवसर पर सरकारी दफ्तरों के अलावा स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में भी छुट्टी का ऐलान किया है.
बता दें कि इस साल छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार, 13 नवंबर से होगी और इसका समापन सोमवार, 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य और पारण के साथ होगा. यह चार दिनों तक चलने वाला प्रमुख त्योहार है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उम्मीद जताई है कि इस साल दिल्ली के लोग पिछले साल से भी ज्यादा उत्साह और भव्यता के साथ छठ महापर्व मनाएंगे.
छठ दिल्ली की एकता का प्रतीक: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं और पूजा में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. सभी लोग पूरी श्रद्धा और शांति के साथ इस पर्व को मना सकें, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
छठ पूजा से पहले मुख्यमंत्री ने 9 नवंबर को अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.
सरकार की ओर से घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी और टेंट लगाने की व्यवस्था की जा रही है. इसके साथ ही घाटों की साफ-सफाई के लिए 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी.
इसके अलावा, छठ व्रतियों की सुविधा के लिए मुनक नहर के पास करीब 11 किलोमीटर लंबा घाट तैयार किया जा रहा है. इसके साथ ही दिल्ली के अन्य इलाकों में भी पूजा के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के छठ महापर्व मना सकें.



