Loading...
Tue. Jul 7th, 2026

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग नियमित व्यायाम के लिए अलग से समय नहीं निकाल पाते. ऐसे में रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी शारीरिक एक्टिविटी भी फिट रहने में मदद कर सकती हैं.

आज की व्यस्त जिंदगी में अगर जिम जाने का समय नहीं मिलता, तो रोज सीढ़ियां चढ़ना भी एक बेहतरीन एक्सरसाइज हो सकती है। इससे दिल मजबूत होता है, फेफड़े बेहतर काम करते हैं और शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है।

सीढ़ियां चढ़ने से कई मांसपेशियां एक साथ सक्रिय होती हैं, जिससे फिटनेस बेहतर होती है। हालांकि, घुटनों, दिल या सांस की बीमारी वाले लोगों को इसे करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

सीढ़ियां चढ़ने से मिलते हैं ये 5 बड़े फायदे

मायो क्लिनिक स्पोर्ट्स मेडिसिन के अनुसार, सीढ़ियां चढ़ना एक अच्छा कार्डियो एक्सरसाइज है. इसे नियमित रूप से करने पर हार्ट को अधिक एक्टिव होकर काम करना पड़ता है, जिससे हार्ट और ब्लड फ्लो को बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिल सकती है. यह रोजमर्रा की शारीरिक एक्टिविटी बढ़ाने का भी आसान तरीका है.

मांसपेशियां लगातार काम करती हैं

सीढ़ियां चढ़ते समय जांघों, पिंडलियों, कूल्हों और ग्लूट्स की मांसपेशियां लगातार काम करती हैं. नियमित अभ्यास से इन मांसपेशियों की मजबूती और सहनशक्ति बढ़ सकती है. यही कारण है कि इसे निचले शरीर के लिए प्रभावी एक्सरसाइज माना जाता है.

संतुलित डाइट के साथ वजन कंट्रोल रखने में भी सहायक

सीढ़ियां चढ़ते समय सामान्य चलने की तुलना में शरीर अधिक एनर्जी खर्च करता है. इस दौरान कैलोरी तेजी से बर्न होती है, इसलिए इसे एक्टिव लाइफस्टाइल का अच्छा हिस्सा माना जाता है. संतुलित डाइट और नियमित व्यायाम के साथ यह वजन कंट्रोल रखने में भी सहायक हो सकता है.

रोजाना सीढ़ियां चढ़ने से शरीर की क्षमता बेहतर हो सकती है. यह हार्ट और फेफड़ों को अधिक एक्टिव बनाकर शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने में मदद करता है. नियमित अभ्यास करने पर रोजमर्रा के काम करते समय थकान कम महसूस हो सकती है.

हड्डियों को मजबूत रखने में सहायक

सीढ़ियां चढ़ना एक वेट-बेयरिंग एक्सरसाइज है, जिसमें शरीर का वजन हड्डियों पर पड़ता है. इस तरह की एक्टिविटी हड्डियों को एक्टिव बनाए रखने और उनकी मजबूती बनाए रखने में मदद कर सकती हैं. नियमित रूप से करने पर यह हड्डियों के सामान्य स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है.

सीढ़ियां चढ़ते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए?

जिन लोगों को घुटनों में तेज दर्द, गठिया, हार्ट डिजीज, सांस लेने में परेशानी, चक्कर आने की समस्या या हाल ही में कोई सर्जरी हुई हो, उन्हें सीढ़ियां चढ़ने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.

बुजुर्गों और संतुलन बनाने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए. अगर सीढ़ियां चढ़ते समय सीने में दर्द, अधिक सांस फूलना, चक्कर आना या असामान्य थकान महसूस हो, तो तुरंत रुक जाएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें.

सीढ़ियां चढ़ते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

शुरुआत धीरे-धीरे करें और अपनी क्षमता के अनुसार ही सीढ़ियां चढ़ें. आरामदायक कपड़े और अच्छे ग्रिप वाले जूते पहनें. सीढ़ियां चढ़ते समय जल्दबाजी न करें और जरूरत पड़ने पर रेलिंग का सहारा लें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *