देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत के अनुसार, इस बार देश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में होगी बारिश
डॉ. शशिकांत ने कहा कि मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा.
दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है. डॉ. शशिकांत के अनुसार, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. उन्होंने बताया कि 9 जुलाई से मानसून पूरे देश में फैल चुका है और अब लगभग सभी राज्यों में इसका प्रभाव देखा जा रहा है.
कैसा रहेगा दिल्ली-NCR के मौसम
दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर डॉ. शशिकांत ने कहा कि यहां फिलहाल केवल हल्की बारिश की संभावना है. शाम के समय कुछ इलाकों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अभी भारी बारिश के कोई संकेत नहीं हैं.
उन्होंने बताया कि गुजरात और महाराष्ट्र में हाल के दिनों में काफी तेज बारिश दर्ज की गई है. कई क्षेत्रों में रिकॉर्ड स्तर तक वर्षा हुई है. इसके साथ ही मध्य भारत में भी मानसून काफी सक्रिय बना हुआ है और कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है.
IMD के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बारिश सामान्य या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. हालांकि उत्तर भारत के अन्य कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां सामान्य से कम रह सकती हैं.
