लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड में 14 बच्चों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह तुरंत लखनऊ रवाना हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को मौके पर भेजकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।
बता ददें कि लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों ने आग से बचने के लिए ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
बता दें कि सीएम योगी ने कहा कि मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है। अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है। उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं। उनकी दुखद मौत हुई है। इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लखनऊ अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।
