सऊदी अरब के रास तनुरा में रविवार को सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सऊदी अरब के नागरिक बताए गए हैं। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना की वजह और पीड़ितों से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
दुर्घटना किस वजह से हुई, जांच शुरू
जांच शुरू कर दी गई है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। अधिकारियों का कहना है कि अभी सही वजह बताना जल्दबाजी होगी और जांच आगे बढ़ने पर और जानकारी मिलने की उम्मीद है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसने पीड़ितों की आत्मा की शांति और उनकी गलतियों की माफी के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
SPA द्वारा जारी बयान में मंत्रालय ने कहा, “ऊर्जा मंत्रालय मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है। हम प्रार्थना करते हैं कि सर्वशक्तिमान ईश्वर उन पर दया करे, उन्हें क्षमा करे और उन्हें शहीदों में शामिल करे। वास्तव में, हम ईश्वर के हैं और अंततः उसी की ओर लौटेंगे।”
बता दें कि सऊदी अरामको 1934 से अपने ऑपरेशन के लिए विमानों का इस्तेमाल कर रही है, जब उसने एक ही विमान से एरियल मैपिंग शुरू की थी। 2023 में इसके एविएशन डिवीजन को एक अलग सब्सिडियरी बना दिया गया और बाद में इसका नाम बदलकर ‘अलौला एविएशन’ कर दिया गया। आज, कंपनी 60 से ज़्यादा विमानों का बेड़ा चलाती है, जो पूरे सऊदी अरब में ऑफशोर ऑपरेशन, मेडिकल इवैक्यूएशन और लॉजिस्टिक्स सेवाओं में मदद करते हैं।
