भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया
भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच 16 साल बाद वर्ल्ड कप में मुकाबला हुआ।
यह मैच बुधवार, 19 अगस्त को नीदरलैंड्स के आम्सटलवेन स्टेडियम में खेला गया। इससे पहले भारत और पाकिस्तान की टीमें 2010 के दिल्ली हॉकी वर्ल्ड कप में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना ली, जबकि पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो गया।
पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में गोल करके टीम का खाता खोला। इसके बाद अभिषेक ने 11वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 21वें मिनट और अभिषेक ने 24वें मिनट में गोल किया।
वहीं पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 22वें मिनट और सूफियान खान ने 25वें मिनट में गोल किया। पहले हाफ के बाद भारत 4-2 से आगे था।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। वहीं भारत ने एक और गोल कर अपनी बढ़त मजबूत कर ली। हार्दिक सिंह ने 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। तीन क्वार्टर के बाद भारत 5-2 से आगे था।
आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने किया गोल
चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने एक और गोल किया। हन्नान शाहिद ने 46वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा और स्कोर 5-3 कर दिया। हालांकि, तब तक भारत ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी और पाकिस्तान के पास वापसी का ज्यादा समय नहीं बचा था। भारत ने आखिरकार 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत अगले दौर में, पाकिस्तान बाहर
इस जीत के साथ भारत ने पूल-डी में 3 मैचों में 2 जीत हासिल कर 6 अंक जुटाए और अगले दौर में पहुंच गया। वहीं पाकिस्तान को 3 मैचों में एक भी जीत नहीं मिली।
टीम को 2 मुकाबलों में हार मिली, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। इस खराब प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गया।
यह भी पढ़े- Raksha Bandhan 2026: 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन, जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त


